छिंदवाड़ा। सोशल मीडिया पर रील बनाने और लाइक्स पाने का जुनून एक बार फिर एक युवा की जिंदगी पर भारी पड़ गया। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के प्रसिद्ध पातालकोट में रील बनाने के दौरान 24 वर्षीय युवक बाइक समेत हजारों फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान तामिया निवासी 24 वर्षीय सूर्यभान भारती के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सूर्यभान अपने दोस्तों के साथ पातालकोट की चोटी पर स्थित तामिया क्षेत्र के चिमटीपुर व्यू प्वाइंट पहुंचा था। बताया जा रहा है कि रील बनाने के दौरान वह बाइक लेकर खतरनाक खाई के बिल्कुल किनारे तक पहुंच गया।
इसी दौरान अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सूर्यभान बाइक समेत सीधे हजारों फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन को हादसे की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। देर शाम स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवक के शव और बाइक को खाई से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम पसर गया।
पातालकोट की दुर्गम और गहरी खाइयों में रील और सेल्फी बनाने का क्रेज लगातार लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। इससे पहले भी यहां जोखिम उठाने के दौरान हादसे सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद लोग सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाने के लिए अपनी जान तक जोखिम में डाल रहे हैं।
सूर्यभान की मौत ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि कुछ सेकंड की रील और कुछ लाइक्स के लिए आखिर अपनी जिंदगी को खतरे में डालना कितना सही है। साथ ही पातालकोट जैसे संवेदनशील और खतरनाक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है, लेकिन यह घटना सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट और लापरवाही के खिलाफ एक बड़ा सबक जरूर छोड़ गई है। रील कुछ सेकंड की होती है, लेकिन एक गलत कदम पूरी जिंदगी खत्म कर सकता है।

