जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को आज नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। गुजरात हाईकोर्ट के जज रहे जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे भोपाल स्थित लोकभवन में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। राज्यपाल उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 31 अगस्त 2026 को हुई बैठक में जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे के नाम की सिफारिश की थी। इसके बाद केंद्र सरकार की औपचारिक मंजूरी और अधिसूचना जारी होने के बाद अब वह मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पद संभालने जा रहे हैं।
जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 30वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। वह जबलपुर में पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा की जगह लेंगे। जस्टिस संजीव सचदेवा का कार्यकाल पूरा होने के बाद जस्टिस विवेक रूसिया को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था।
अगर जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे के अब तक के सफर की बात करें तो उनका जन्म 16 जुलाई 1969 को हुआ था। शुरुआती पढ़ाई के बाद उन्होंने बीएससी केमिस्ट्री की पढ़ाई की और वर्ष 1990 में एलएलबी की डिग्री हासिल की। इसके बाद वर्ष 1993 से उन्होंने गुजरात में वकालत की शुरुआत की।
न्यायिक सेवा में आने से पहले जस्टिस कोगजे ने सरकारी पक्ष में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2002 से 2007 तक वह एडिशनल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर रहे। इसके अलावा उन्होंने सेंट्रल एक्साइज और कस्टम डिपार्टमेंट के स्टैंडिंग काउंसिल के रूप में भी सेवाएं दीं।
उनके न्यायिक सफर की बात करें तो वर्ष 2016 में उन्हें गुजरात हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। अब करीब एक दशक के न्यायिक अनुभव के बाद वह मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। भोपाल के लोकभवन में होने वाला शपथ ग्रहण समारोह मध्य प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

