भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सनातन और भगवान राम के मुद्दे पर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने 20 अक्टूबर से उज्जैन से अयोध्या तक ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ निकालने की घोषणा की है। इस यात्रा के जरिए दिग्विजय सिंह ने सनातन के वास्तविक स्वरूप को सामने लाने की बात कही है। साथ ही उन्होंने विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी पर राम मंदिर निर्माण के नाम पर जुटाए गए चंदे के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है।
प्रेसवार्ता के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब रामशिला पूजन अभियान चलाया गया था, तब उन्होंने भी उसमें बढ़-चढ़कर योगदान दिया था। हालांकि, अब उन्होंने VHP, संघ और बीजेपी पर सवाल खड़े करते हुए दावा किया कि जनता से राम मंदिर के नाम पर जो चंदा एकत्रित किया गया, उसका सही हिसाब नहीं दिया गया और बड़े पैमाने पर चंदे का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने इसे ‘चंदा चोरी’ बताते हुए कहा कि इसी मुद्दे और सनातन के वास्तविक स्वरूप को सामने लाने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है।
दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा देने वाले रामभक्तों और आम नागरिकों से इस यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील भी की है। उन्होंने यात्रा में शामिल होने के लिए एक विशेष QR कोड और आवेदन फॉर्म जारी किया है, जिसके जरिए लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।
अब 20 अक्टूबर से शुरू होने वाली उज्जैन से अयोध्या तक की यह यात्रा कितनी बड़ी राजनीतिक तस्वीर तैयार करती है और दिग्विजय सिंह के चंदे को लेकर लगाए गए आरोपों पर बीजेपी, संघ और VHP की ओर से क्या जवाब आता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।

