छतरपुर/भोपाल: गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए एक खास अपील की है। सोशल मीडिया पर जारी अपने वीडियो संदेश में उन्होंने श्रद्धालुओं से गणेश उत्सव के दौरान पर्यावरण-अनुकूल तरीके से भगवान गणेश की पूजा करने का आग्रह किया है।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि इस बार गणेश चतुर्थी पर अपने घर में केवल और केवल मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा ही लाएं और उसकी स्थापना करें। उन्होंने मिट्टी की प्रतिमा के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व पर भी बात की और इसे शुभ और फलदायी बताया।
धीरेंद्र शास्त्री के मुताबिक, मिट्टी की गणेश प्रतिमा का विसर्जन भी बेहद आसान और पवित्र तरीके से किया जा सकता है। पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा को घर के गमले या बगीचे में भी विसर्जित किया जा सकता है। उनके अनुसार, ऐसा करने से घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मकता का संचार होता है।
वहीं उन्होंने प्लास्टर ऑफ पेरिस यानी पीओपी से बनी गणेश प्रतिमाओं के इस्तेमाल पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पीओपी की मूर्तियां जलस्रोतों और नदियों में विसर्जित होने के बाद लंबे समय तक नष्ट नहीं होतीं। नदियों और तालाबों के किनारे भगवान की टूटी हुई प्रतिमाएं देखना बेहद दुखद और कष्टदायक होता है।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं से भगवान गणेश की पूजा पूरी श्रद्धा, नियम और संयम के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता हैं और सच्चे मन से उनकी आराधना करने वाले भक्तों को रिद्धि-सिद्धि और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
गणेश चतुर्थी के मौके पर धीरेंद्र शास्त्री की यह अपील धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती है। अब देखना होगा कि मिट्टी की प्रतिमाओं को लेकर उनकी यह अपील श्रद्धालुओं के बीच कितनी प्रभावी होती है।

