भोपाल। मध्य प्रदेश के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश में अब शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET का आयोजन कर्मचारी चयन मंडल, ESB की जगह मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल यानी MP Board कराएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
सबसे बड़ा बदलाव परीक्षा के तरीके को लेकर किया गया है। राज्य सरकार अब शिक्षक पात्रता परीक्षा को ऑनलाइन की बजाय पारंपरिक ऑफलाइन मोड में आयोजित करने की तैयारी कर रही है। परीक्षा ओएमआर शीट के जरिए कराई जाएगी और विभाग की योजना दिसंबर महीने में दो दिनों के भीतर परीक्षा पूरी कराने की है।
दरअसल, इससे पहले कर्मचारी चयन मंडल की ओर से शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 12 अक्टूबर की तारीख प्रस्तावित की गई थी। लेकिन कर्मचारी चयन मंडल का मौजूदा परीक्षा ढांचा मुख्य रूप से ऑनलाइन परीक्षाओं के लिए तैयार है। ऐसे में सरकार द्वारा परीक्षा ऑफलाइन मोड में कराने का फैसला किए जाने के बाद इसकी जिम्मेदारी अब मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल को सौंप दी गई है।
यानी शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर अब एजेंसी से लेकर परीक्षा के तरीके और संभावित समय-सारणी तक में बड़ा बदलाव हो गया है। दिसंबर में ओएमआर आधारित परीक्षा कराने की तैयारी है, हालांकि अभ्यर्थियों को अंतिम तारीख और अन्य विस्तृत जानकारी के लिए विभाग की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

