उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उज्जैन पहुंचकर ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किए। दोनों नेता तड़के होने वाली बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती में शामिल हुए और नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान नितिन नबीन भगवान महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए।
श्री महाकालेश्वर मंदिर में सुबह करीब 4 बजे होने वाली भस्म आरती में शामिल होने के बाद मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दोनों नेताओं का स्वागत और सत्कार किया गया। उज्जैन कलेक्टर एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह और मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने नितिन नबीन और हेमंत खंडेलवाल का स्वागत किया।
दर्शन के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि उन्होंने आज बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती के दर्शन किए और पूरे देश के नागरिकों की सुख-समृद्धि की कामना की है। उन्होंने कहा कि वह पहली बार मध्य प्रदेश और उज्जैन आए हैं और महाकाल की नगरी में आने वाला हर व्यक्ति बाबा महाकाल के दर्शन और भस्म आरती के बाद ही यहां से जाता है।
नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा संकल्प के रूप में मनाया गया है और उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यश और कीर्ति प्रदान हो।
उज्जैन में बाबा महाकाल की भस्म आरती में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी के दौरान मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक माहौल नजर आया। अब इस दर्शन के बाद नितिन नबीन के मध्य प्रदेश दौरे के अगले कार्यक्रमों पर भी सभी की नजर रहेगी।

