चलती ट्रेन से गिरी खून से लथपथ महिला! सुनसान पटरी पर ग्रामीणों और डॉक्टर की सूझबूझ ने बचाई जान

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के मंडीदीप से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नाहर कंपनी के पास सुनसान रेलवे ट्रैक पर अचानक एक महिला चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ हालत में बेसुध होकर पटरी पर पड़ी रही। आसपास सन्नाटा था, लेकिन इसी बीच ग्रामीणों की नजर महिला पर पड़ी और उन्होंने तुरंत उसकी मदद के लिए कदम उठाया।

बताया जा रहा है कि महिला तेज रफ्तार ट्रेन से अचानक नीचे गिर गई थी। उसके शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं और वह बेहोशी की हालत में थी। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए 108 एंबुलेंस को सूचना दी और महिला को मंडीदीप के सिविल अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली मदद ने महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर आयुष तिवारी ने महिला का इलाज शुरू किया। महिला बेहोश थी और उसकी पहचान बताने वाला कोई व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था। इसी दौरान डॉक्टर ने महिला के पर्स की तलाशी ली। उसमें एक कागज मिला, जिस पर एक आशा कार्यकर्ता का मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। डॉक्टर ने तुरंत उस नंबर पर संपर्क किया।

इस नंबर के जरिए महिला की पहचान पिपरिया निवासी अर्चना, पति त्रिपाल ठाकुर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने महिला के परिजनों को घटना की जानकारी दी।

थाना प्रभारी सालभ तिवारी के मुताबिक, रात में ट्रेन से महिला के गिरने की सूचना मिली थी। ग्रामीणों और 108 एंबुलेंस की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर की सूझबूझ से महिला की पहचान भी हो सकी और उसके परिजनों को सूचना दे दी गई। फिलहाल महिला की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सुनसान रेलवे ट्रैक पर चलती ट्रेन से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को समय पर मदद मिलना बेहद अहम रहा। हालांकि महिला किन परिस्थितियों में चलती ट्रेन से गिरी, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *