भोपाल। मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET को लेकर शिक्षा विभाग ने विस्तृत गाइडलाइन जारी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत अब शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन माध्यमिक शिक्षा मंडल यानी MP Board द्वारा ऑफलाइन मोड में कराया जाएगा, जबकि आवेदन प्रक्रिया कर्मचारी चयन मंडल यानी ESB के पोर्टल के माध्यम से पूरी होगी।
अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर किन शिक्षकों के लिए TET देना जरूरी होगा और किन्हें इससे छूट मिलेगी। गाइडलाइन के मुताबिक, जो शिक्षक शिक्षा का अधिकार यानी RTE अधिनियम के तहत पहले आयोजित पात्रता परीक्षा पास नहीं कर चुके हैं, उनके लिए TET अनिवार्य होगा। वहीं जिन शिक्षकों ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी CTET पहले से पास कर रखी है, उन्हें TET से छूट दी गई है।
प्राथमिक स्तर पर सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, सहायक अध्यापक, संविदा शाला शिक्षक श्रेणी-3 और प्राथमिक शिक्षक विज्ञान या प्रयोगशाला शिक्षक इस दायरे में शामिल होंगे। वहीं माध्यमिक स्तर पर उच्च श्रेणी शिक्षक, माध्यमिक शिक्षक, अध्यापक और संविदा शाला शिक्षक श्रेणी-2 शामिल रहेंगे। इसके अलावा अशासकीय यानी निजी विद्यालयों में प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं को पढ़ाने वाले शिक्षक भी अपनी पात्रता और इच्छा के अनुसार इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
आवेदन की बात करें तो उम्मीदवारों को कर्मचारी चयन मंडल यानी ESB के पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तारीख 5 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद परीक्षा का आयोजन माध्यमिक शिक्षा मंडल यानी MP Board द्वारा ऑफलाइन मोड में किया जाएगा।
अब बात करते हैं परीक्षा केंद्र की। गाइडलाइन के मुताबिक, जिस जिले में शिक्षक कार्यरत हैं, सामान्य तौर पर उसी जिले के जिला मुख्यालय पर परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा। पांढुर्ना जिले में कार्यरत शिक्षकों के लिए छिंदवाड़ा और मऊगंज जिले में कार्यरत शिक्षकों के लिए रीवा के निर्धारित परीक्षा केंद्र रखे जाएंगे। वहीं अगर किसी जिले में परीक्षार्थियों की संख्या बहुत कम रहती है, तो समीपवर्ती जिले या संभागीय स्तर पर परीक्षा केंद्र आवंटित करने का अधिकार MP Board के पास रहेगा।
यानी अगर आप सरकारी या मान्यता प्राप्त विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं और आपने पहले निर्धारित RTE पात्रता परीक्षा पास नहीं की है या आपके पास CTET की पात्रता नहीं है, तो आपको TET के लिए आवेदन करना जरूरी हो सकता है। ऐसे उम्मीदवार 5 अक्टूबर 2026 की अंतिम तारीख से पहले ESB पोर्टल पर अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। अब देखना होगा कि इस नई व्यवस्था के तहत होने वाली TET परीक्षा का पूरा कार्यक्रम और परीक्षा तिथि कब जारी की जाती है।

