MP Board 12th Toppers को कल मिलेगी ई-स्कूटी! 7,500 से ज्यादा मेधावी छात्रों को CM मोहन यादव देंगे बड़ी सौगात

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार कक्षा 12वीं में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को कल यानी 19 सितंबर को बड़ी सौगात देने जा रही है। एमपी बोर्ड की 12वीं कक्षा में अपने-अपने सरकारी स्कूल में टॉप करने वाले 7,500 से ज्यादा छात्र-छात्राओं को ई-स्कूटी वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से इस योजना के तहत विद्यार्थियों को ई-स्कूटी की सौगात देंगे।

ई-स्कूटी वितरण का मुख्य समारोह राजधानी भोपाल के शिवाजी नगर स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भोपाल और आसपास के जिलों के मेधावी विद्यार्थी सीधे शामिल होंगे, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और संबंधित लोग वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

अब सवाल है कि आखिर किन विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए सरकार ने पात्रता की कुछ शर्तें तय की हैं। योजना का लाभ मध्य प्रदेश के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में पढ़ने वाले नियमित विद्यार्थियों को दिया जाता है। विद्यार्थी ने कक्षा 12वीं की परीक्षा पहले प्रयास में कम से कम 70 प्रतिशत अंकों के साथ पास की हो और अपने संबंधित शासकीय स्कूल में 12वीं कक्षा में सबसे ज्यादा अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया हो।

इस योजना का उद्देश्य स्कूली शिक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ दूर-दराज से स्कूल आने-जाने वाले छात्रों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना भी है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश सरकार अब तक 23 हजार से ज्यादा मेधावी छात्र-छात्राओं को इस योजना के तहत स्कूटी प्रदान कर चुकी है।

सरकार के मुताबिक, मुख्यमंत्री स्कूटी योजना पर अब तक करीब 250 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। अब 19 सितंबर को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 7,500 से ज्यादा विद्यार्थियों को ई-स्कूटी मिलने जा रही है। यानी प्रदेश के हजारों मेधावी छात्रों के लिए यह दिन उनकी मेहनत और सफलता को सम्मान देने वाला खास मौका होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *