राहुल गांधी के कार्यक्रम पर थमा नहीं सियासी बवाल! मिमिक्री विवाद पर BJP-कांग्रेस आमने-सामने

भोपाल। राहुल गांधी के इंदौर में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। कार्यक्रम के दौरान हुई एक मिमिक्री को लेकर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं। बीजेपी का आरोप है कि इस मिमिक्री के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माताजी का मजाक उड़ाया गया, जबकि कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

मामले को लेकर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विदेशी विचारधारा और संस्कृति में पले-बढ़े राहुल गांधी क्या जानें कि स्वदेशी मां और भारत माता का सम्मान क्या होता है। रामेश्वर शर्मा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी मां जैसे पवित्र शब्द और भारतीय संस्कृति का सम्मान करना नहीं जानती।

वहीं कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को मनगढ़ंत बताया है। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी को लेकर कोई बात ही नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

पीसी शर्मा ने कहा कि आज देश का युवा, छात्र और आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों से परेशान है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए 15 लाख रुपये और काला धन वापस लाने के पुराने वादों का भी जिक्र किया और इन्हें खोखला बताया।

कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरौलिया ने भी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों ने इंदौर पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की है और जनता बदलाव की मांग कर रही है।

अभिनव बरौलिया ने दावा किया कि कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति में भी बड़ा बदलाव होने वाला है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के रोजगार, न्याय और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

फिलहाल, एक तरफ बीजेपी मिमिक्री को लेकर कांग्रेस पर भारतीय संस्कृति और प्रधानमंत्री की माताजी के अपमान का आरोप लगा रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस इसे बीजेपी की ओर से असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बता रही है। यानी ‘छात्रों की गूंज’ के बाद अब मिमिक्री विवाद ने मध्य प्रदेश की सियासत में एक नया मोर्चा खोल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *