भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल एक और शानदार तोहफा पाने जा रही है। 25 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहर को एक नए स्टेडियम की सौगात देंगे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम, जो कोलार क्षेत्र में बनकर तैयार हुआ है, अब पूरी तरह उद्घाटन के लिए तैयार है। इस स्टेडियम का लोकार्पण खुद मुख्यमंत्री करेंगे।
भोपाल विधायक रामेश्वर शर्मा ने स्टेडियम का जायजा लेते हुए बताया कि यह भव्य इनडोर और आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मुखर्जी नगर कोलार और आसपास के लोगों के लिए बनाया गया है। यहां एक ही जगह पर क्रिकेट, फुटबॉल, खो-खो, मलखंभ, बास्केटबॉल, टेनिस, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग और रॉक क्लाइम्बिंग जैसे कई खेल एक साथ खेले जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के संयुक्त सहयोग से यह अत्याधुनिक स्टेडियम बनाया गया है। लगभग पांच लाख की आबादी वाले मुखर्जी नगर और कोलार क्षेत्र के बीच बना यह स्टेडियम खेल प्रेमियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। अब भोपाल के खिलाड़ियों को अपने शहर में ही विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, जो राज्य में खेलों को एक नई पहचान देने जा रही हैं।

