Bihar Election Phase 1 Voting: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हो चुकी है। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 64.46% मतदान दर्ज किया गया, जो 2020 की तुलना में लगभग 7.5 प्रतिशत ज़्यादा है। पिछली बार पहले चरण में 56.9% वोटिंग हुई थी, लेकिन इस बार ग्रामीण इलाकों में मतदाताओं का जोश और उत्साह देखने लायक रहा। और इस बंपर वोटिंग ने महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के चेहरे पर मुस्कान ला दी है।
तेजस्वी यादव ने मतदान के बाद एक्स पर एक वीडियो जारी कर बिहार की जनता को धन्यवाद दिया और कहा – “पहले चरण में आपने जिस तरह बंपर वोटिंग की है, वो साफ बताता है कि बिहार में जनता बदलाव चाहती है। आपने 20 साल के अंधकार को मिटाने के लिए घर से निकलकर परिवर्तन की ऐसी रोशनी जलाई है कि अब बिहार में सुख, समृद्धि, सुरक्षा और खुशहाली की दस्तक सुनाई दे रही है।”
उन्होंने कहा कि इस बार सिर्फ हर घर से नहीं, बल्कि हर दिल से एक ही आवाज उठ रही है – “नई युवा सरकार लायेंगे, हर घर से सरकार चलायेंगे, और हर बिहारवासी को सीएम यानी चिंता मुक्त और चेंज मेकर बनाएंगे।” तेजस्वी ने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने जिस जोश और उम्मीद के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लिया, उससे साफ हो गया है कि बिहार में महापरिवर्तन तय है।
तेजस्वी ने आगे कहा – “अब हमें थमना नहीं है, रुकना नहीं है। हमें बिहार को तकनीक और तरक्की से जगमगाना है। विपक्ष द्वारा बनाई गई बाधाओं को पार कर जनता के हर सपने को हकीकत बनाना है। 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण में भी बिहार की जनता वैसा ही प्रेम और समर्थन दिखाए।”
वीडियो संदेश के अंत में तेजस्वी यादव ने वादा किया – “आपका बेटा, भाई और साथी तेजस्वी वचन देता है कि अगले पांच सालों में बिहार को इतना खुशहाल बनाएंगे कि 14 नवंबर को लोग त्योहार की तरह मनाएंगे… एक ऐसे दिन के रूप में जब बिहार ने विकास की राह पर कदम बढ़ाया था।”
जय हिन्द। जय बिहार।

