पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग के बाद अब सियासत अपने चरम पर है। इसी बीच जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार हुए बंपर मतदान ने साफ कर दिया है कि बिहार की जनता का मन एनडीए के साथ है, और इस बार एनडीए रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज करने जा रहा है।
संजय झा ने कहा कि इस बार का मतदान जनता की भावना को बखूबी दर्शाता है। उन्होंने याद दिलाया कि 2005 में भी भारी मतदान हुआ था, 2010 में और अधिक हुआ, और अब 2025 में एनडीए के पक्ष में जबरदस्त वोटिंग देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं बड़ी संख्या में घरों से निकल रही हैं और नीतीश कुमार की नीतियों पर भरोसा जताते हुए वोट डाल रही हैं। मुख्यमंत्री साइकिल योजना से लेकर महिलाओं को आरक्षण देने तक — इन योजनाओं ने उनके जीवन को सशक्त बनाया है और उनके भीतर आत्मविश्वास भरा है।
प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए संजय झा ने कहा — “प्रियंका गांधी हैं कौन? वो बिहार आती हैं, फोटो खिंचवाकर चली जाती हैं। बिहार के बारे में उन्हें कुछ पता नहीं। ऐसे बयान देने से कांग्रेस को नुकसान ही होगा।” उन्होंने कहा कि बिहार आज महिलाओं के सशक्तिकरण का जीता-जागता उदाहरण है और प्रियंका गांधी का यह बयान बिहार की महिलाओं का अपमान है।
झा ने आगे कहा कि बिहार में जो मौन क्रांति आई है, वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच और नीतियों की देन है। आज महिलाएं उसी सरकार को वोट दे रही हैं जिसने उनके जीवन में असली बदलाव लाया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर प्रियंका गांधी ऐसे ही बयान देती रहीं तो जो एक-दो सीटें कांग्रेस को मिलती थीं, वे भी अब नहीं मिलेंगी।
अंत में जदयू नेता ने दावा किया कि एनडीए की जीत अब तय है। प्रत्याशियों से मिल रही रिपोर्ट साफ बताती है कि बिहार की जनता ने एक बार फिर नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है, और इस बार जीत पहले से भी बड़ी होने वाली है।

