मध्य प्रदेश के मैहर जिले के जरियारी गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक 132 केवी के हाईटेंशन बिजली टॉवर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि प्रेमिका की बेवफाई से टूटा यह आशिक ग़म में इतना डूब गया कि उसने अपनी जान देने की ठान ली। सुबह करीब 11 बजे जब ग्रामीणों ने देखा कि कोई युवक ऊँचे टॉवर पर बैठा है, तो पहले तो लगा शायद बिजली विभाग का कोई कर्मचारी काम कर रहा होगा, लेकिन कुछ ही देर में युवक की चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं, और उसकी हरकतें देखकर सबको समझ आ गया कि मामला कुछ और है।
गांव में देखते ही देखते भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। नादन देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ को दूर किया गया और युवक को नीचे उतरने के लिए माइक से समझाया जाने लगा। करीब दो घंटे तक पुलिस और ग्रामीण लगातार समझाइश देते रहे, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। बताया जा रहा है कि युवक आदिवासी समाज से है और रामनगर थाना क्षेत्र के सुलखमा गांव का रहने वाला है। वह एक युवती से प्रेम करता था, लेकिन कुछ समय पहले युवती ने उससे रिश्ता तोड़ लिया, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया और इस खतरनाक कदम को उठाने पर उतर आया।
घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई और आसपास के गांवों से भी लोग यह नजारा देखने पहुँच गए। आखिरकार पुलिस की समझाइश और मेहनत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोग इसे शोले फिल्म के वीरू वाले सीन से जोड़कर देख रहे हैं — बस फर्क इतना था कि यहाँ कहानी रील नहीं, बल्कि रियल थी… और इसके पीछे एक टूटा हुआ दिल था।

