हार के बाद RJD का संदेश – “हम गरीबों की पार्टी हैं, और आवाज हमेशा बुलंद रहेगी

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने इस बार एक नया इतिहास लिख दिया। एनडीए ने दबदबे वाला प्रदर्शन करते हुए 202 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों पर सिमट गया। कई जगहों पर महागठबंधन और जनसुराज जैसे दलों के उम्मीदवारों की जमानत भी जब्त हो गई।

नतीजों के पूरे 24 घंटे बाद RJD की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश जारी कर विनम्रता, सेवा और जनता के समर्थन के लिए आभार जताया। RJD ने साफ कहा कि जनसेवा एक अनवरत यात्रा है जिसमें जीत और हार आते रहते हैं। हार में विषाद नहीं और जीत में अहंकार नहीं। आरजेडी गरीबों की पार्टी है और गरीबों की आवाज पहले की तरह ही बुलंद करती रहेगी।

पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया कि चुनावी हार के बावजूद वह अपने सामाजिक और राजनीतिक दायित्वों से पीछे नहीं हटेगी और जनता के मुद्दों को उसी मजबूत आवाज़ के साथ उठाती रहेगी।

अगर सीटों पर नजर डालें तो इस बार BJP को 89 सीटें मिलीं, JDU ने 85 सीटों पर जीत दर्ज की, LJP (रामविलास) ने 19 सीटें जीतीं, HAM को 5 सीटें और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिलीं। वहीं महागठबंधन में RJD सिर्फ 25 सीटों पर रह गया और कांग्रेस 61 सीटों पर चुनाव लड़कर भी सिर्फ 6 सीटें जीत पाई। AIMIM ने सीमांचल में 5 सीटें जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

नतीजों के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत बिहार के विकास और स्थिरता के प्रति लोगों के भरोसे का नतीजा है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार पहले से अधिक मजबूती के साथ लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *