दिल्ली आतंकी हमले पर BJP सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का विवादित बयान—वीडियो वायरल, विपक्ष हमलावर

भोपाल। दिल्ली में हुई आतंकी घटना पूरे देश को झकझोर चुकी है, लेकिन इसी बीच बीजेपी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने दिल्ली की घटना को “बहुत दिन के अंतराल में हुई” कहा—और इसी लाइन ने राजनीति में तूफान ला दिया है।

मंडला जिले में एक कार्यक्रम के दौरान उनसे जब दिल्ली आतंकी हमले पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह घटना काफी समय बाद हुई है, इसके पीछे क्या साजिश है वह नहीं कह सकते, लेकिन यह घटना दर्दनाक है और यह देश के लिए बिल्कुल अच्छी नहीं है। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएँ उठने लगी हैं।

कांग्रेस के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने कुलस्ते से माफी की मांग की और कहा कि इतने गंभीर मुद्दे पर इस तरह की टिप्पणी बेहद शर्मनाक है। कांग्रेस का कहना है कि जब देश पर हमला हुआ है, तब एक सांसद को ऐसी लापरवाही भरी भाषा नहीं बोलनी चाहिए। वहीं बीजेपी के पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कुलस्ते का बचाव करते हुए कहा कि कांग्रेस शब्दों को पकड़कर राजनीति कर रही है, जबकि भावना को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुलस्ते ने कुछ गलत नहीं कहा है, और कांग्रेस के शासन में तो ऐसी घटनाएँ अक्सर होती थीं, तब उन्होंने कब माफी मांगी?

दिल्ली की दर्दनाक घटना से पूरा देश सदमे में है, और अब इस पर नेताओं की बयानबाज़ी ने माहौल को और गर्मा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *