फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र का इस दुनिया से जाना हम सभी के लिए अत्यंत कष्टकारी है। शोले जैसी मशहूर फिल्म में उनका अभिनय जीवनभर कोई नहीं भूल सकेगा। उनका योगदान देश हमेशा याद रखेगा। सीएम ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि धर्मेंद्र जी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
टीकमगढ़ जिले के पुलिस परेड ग्राउंड में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि धर्मेंद्र ने फिल्मी दुनिया में जो किरदार निभाए, वे हर दौर में अनूठे और बेहद लोकप्रिय रहे हैं। वे अपने समय के सुपरहिट हीरो में से एक थे और उनकी भोली, नटखट और दिल छू लेने वाली अदाकारी दर्शकों के दिलों में हमेशा जीवित रहेगी। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार की ओर से धर्मेंद्र को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने अपने परिश्रम से फिल्म जगत में एक ऐसा मुकाम हासिल किया, जिसने देश ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों को प्रभावित किया है। भले ही वे आज शरीर से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी कला हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगी।
सीएम मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष हरिशंकर खटीक की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए टीकमगढ़ पहुंचे थे। हेलीपैड पर अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद दोनों समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुए।

