भोपाल। आज दोपहर 12:20 बजे मंत्रालय में मोहन सरकार की अहम कैबिनेट बैठक होने जा रही है, जिसमें कई बड़े प्रस्तावों पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। सूत्र बताते हैं कि इस बैठक में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का दूसरा अनुपूरक बजट पेश करने का प्रस्ताव रखा जाएगा, जिसे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में टेबल किया जाएगा।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण चर्चा नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्षों के चुनाव को प्रत्यक्ष बनाने वाले संशोधन विधेयक की होगी। इस प्रस्ताव के पास होते ही अब इन निकायों के अध्यक्षों का चयन पार्षद नहीं, बल्कि जनता सीधे करेगी, जिससे स्थानीय निकायों की राजनीतिक तस्वीर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही फायर सेफ्टी एक्ट में संशोधन सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विधेयकों को भी कैबिनेट की हरी झंडी मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट में एक भावुक प्रस्ताव भी रखा जाएगा—बालाघाट में माओवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए हॉकफोर्स के निरीक्षक आशीष शर्मा के छोटे भाई को नियम शिथिल कर सीधे सब-इंस्पेक्टर बनाने का निर्णय लिया जा सकता है। इसके अलावा आज की बैठक में प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी और उनके समाधान पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।

