CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान – फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ दिल्ली में हुई टैक्स फ्री, अब सस्ती होंगी टिकटें

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फरहान अख्तर स्टारर फिल्म ‘120 बहादुर’ को पूरी दिल्ली में टैक्स फ्री करने का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म भारतीय सेना की कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी की शौर्यगाथा पर आधारित है, जिसने 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांग ला की लड़ाई में इतिहास रच दिया था। रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह फिल्म उन 120 वीर सैनिकों के “असाधारण साहस, नेतृत्व और बलिदान” को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ी। उन्होंने मेजर शैतान सिंह भाटी के नेतृत्व को भी अविस्मरणीय बताया, जिनकी वीरता भारतीय सैन्य इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है।

दिल्ली सरकार ने 28 नवंबर से इस फिल्म को टैक्स फ्री करने का फैसला लिया है। इसके बाद दिल्ली में फिल्म की टिकटें पहले से काफी सस्ती हो गई हैं। 100 रुपये से कम वाली टिकट पर अब 5% की जगह केवल 2.5% टैक्स लगेगा, जबकि 100 रुपये से ज्यादा वाली टिकट पर 18% की जगह सिर्फ 9% टैक्स देना होगा। उदाहरण के तौर पर, 300 रुपये की टिकट जो पहले टैक्स सहित 354 रुपये की पड़ती थी, अब दिल्ली में केवल 327 रुपये में मिल जाएगी।

21 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर और अमित चंद्रा ने मिलकर किया है। रजनीश “रेजी” घई के निर्देशन में बनी ‘120 बहादुर’ में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह की मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं, जबकि राशि खन्ना उनकी पत्नी शगुन कंवर का किरदार निभा रही हैं। फिल्म को दर्शकों ने पहले दिन ही 2.4 करोड़ रुपये की कमाई के साथ शानदार ओपनिंग दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *