यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल हुई दीपावली, सीएम योगी बोले—यूपी की परंपरा को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर्व को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किए जाने को भारत के लिए गर्व का क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला उस पर्व की वैश्विक पहचान है, जो अंधकार पर प्रकाश की विजय, आशा और नए आरंभ का प्रतीक है। मुख्यमंत्री के अनुसार यह उपलब्धि भारत की सांस्कृतिक शक्ति और सदियों पुरानी परंपराओं को विश्व मंच पर और अधिक मजबूती प्रदान करती है।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस उपलब्धि को उत्तर प्रदेश से जोड़ते हुए कहा कि यह सम्मान यूपी के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि अयोध्या प्रभु श्रीराम की पावन भूमि है और यहीं से दीपावली की ऐतिहासिक परंपरा की शुरुआत हुई थी। उन्होंने कहा कि अयोध्या केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं की आत्मा है, ऐसे में दीपावली को मिली वैश्विक मान्यता अयोध्या के आध्यात्मिक महत्व को और अधिक उजागर करती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे भारत की बढ़ती सांस्कृतिक प्रतिष्ठा का प्रतीक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व स्तर पर अपनी सांस्कृतिक पहचान को सशक्त रूप से स्थापित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अयोध्या का शाश्वत प्रकाश मानवता को सत्य, सद्भाव और एकता के मार्ग पर आगे बढ़ने की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा और दीपावली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि जीवन-दर्शन के रूप में समाज को संस्कारों से जोड़ती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *