भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्रालय को मिले खुफिया इनपुट्स के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में शुक्रवार देर रात बढ़ोतरी कर दी गई है। यह सुरक्षा व्यवस्था भोपाल और दिल्ली दोनों स्थानों पर लागू की गई है। भोपाल में 74 बंगला क्षेत्र स्थित बी-8 सरकारी आवास के चारों ओर अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है और परिसर के आसपास पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
इसी तरह दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर भी सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया गया है। शिवराज सिंह चौहान को पहले से ही Z+ श्रेणी की उच्च स्तरीय सुरक्षा प्राप्त है, इसके बावजूद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के डीजीपी, दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) और मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देश जारी कर सुरक्षा इंतजामों को और सख्त करने के लिए कहा है। किसी भी संभावित खतरे को लेकर एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
भारत में Z+ सुरक्षा VIP और VVIP व्यक्तियों को दी जाने वाली सबसे उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्थाओं में से एक मानी जाती है। यह SPG के बाद दूसरी सबसे मजबूत सुरक्षा होती है, जिसमें कई प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी चौबीसों घंटे तैनात रहते हैं। यह सुरक्षा केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा खुफिया एजेंसियों से मिले खतरे के आकलन के आधार पर तय की जाती है और केवल उच्च जोखिम वाले नेताओं और महत्वपूर्ण हस्तियों को ही दी जाती है।

