किसानों के मुद्दों पर किसान कांग्रेस का सरकार को अल्टीमेटम! समाधान नहीं हुआ तो होगा विधानसभा घेराव

सतना। मध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर किसान कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। सतना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज किया जाएगा और भोपाल में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किसान कांग्रेस ने कई प्रमुख मांगें सरकार के सामने रखीं। इनमें भारत-अमेरिका कृषि ट्रेड डील को समाप्त करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी से कम कीमत पर फसल खरीद-बिक्री रोकने के लिए सख्त कानून बनाने, किसानों से मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित करने और खेती के लिए 24 घंटे थ्री-फेज बिजली उपलब्ध कराने की मांग शामिल रही। इसके अलावा पिछले कई वर्षों से लंबित कृषि उपज मंडी और सहकारिता चुनाव जल्द कराने की भी मांग उठाई गई।

धर्मेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चुनाव के दौरान किसानों से धान और गेहूं के समर्थन मूल्य को लेकर बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि किसान आज महंगे डीजल, बढ़ती खाद की कीमतों, भारी बिजली बिल और कर्ज के बोझ से परेशान है, जबकि मंडियों में भी किसानों का शोषण हो रहा है।

किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और यदि सरकार ने समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो पूरे प्रदेश के किसानों को एकजुट कर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा और विधानसभा का घेराव कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *