हिजाब विवाद : बिहार के सीएम पर भड़कीं Zaira Wasim, कहा- महिलाओं की गरिमा और मर्यादा कोई खिलौना नहीं …

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान महिला डॉक्टर के चेहरे से हिजाब हटाने के बाद एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। पटना में आयोजित प्रमाणपत्र वितरण समारोह का वीडियो सामने आने के बाद देशभर में इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। इसी बीच ‘दंगल’ और ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ फेम पूर्व अभिनेत्री जायरा वसीम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर नाराजगी जाहिर की और मुख्यमंत्री से माफी की मांग की है।

वीडियो में दिख रहा है कि जब नीतीश कुमार आयुष डॉक्टर को प्रमाणपत्र दे रहे थे, उसी दौरान उन्होंने इशारों में महिला से हिजाब हटाने को कहा। महिला के तुरंत प्रतिक्रिया न देने पर मुख्यमंत्री खुद आगे बढ़े और उनका हिजाब नीचे कर दिया, जिससे उनका चेहरा सार्वजनिक रूप से दिखाई देने लगा। यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया और तेजी से वायरल हो गया।

इस घटना पर जायरा वसीम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि महिलाओं की गरिमा और मर्यादा कोई खिलौना नहीं है, जिससे मनचाहे तरीके से खिलवाड़ किया जाए, खासकर किसी सार्वजनिक मंच पर। एक मुस्लिम महिला होने के नाते दूसरी महिला का नकाब इतनी लापरवाही से हटाया जाना और उस पर दिखाई गई बेपरवाह मुस्कान बेहद गुस्सा दिलाने वाली है। सत्ता किसी को भी सीमाओं का उल्लंघन करने की इजाजत नहीं देती और मुख्यमंत्री को उस महिला से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।

गौरतलब है कि साल 2019 में जायरा वसीम ने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली थी। उन्होंने कहा था कि अभिनय उनके धार्मिक विश्वासों से मेल नहीं खाता। भले ही वे फिल्मों से दूर हैं, लेकिन सामाजिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखने के कारण वे अक्सर चर्चा में बनी रहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *