देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कर्मचारियों को भेजे एक भावुक संदेश में कहा है कि कंपनी का सबसे कठिन दौर अब पीछे छूट चुका है। हालिया परिचालन चुनौतियों पर काबू पाने के बाद उन्होंने इंडिगो टीम की एकजुटता, समर्पण और धैर्य की खुलकर सराहना की। पीटर एल्बर्स ने कहा कि संकट के समय इंडिगो के सभी कर्मचारी एक परिवार की तरह साथ खड़े रहे और इसी टीमवर्क ने एयरलाइन को फिर से पटरी पर लौटाया।
उन्होंने अपने संदेश में पायलटों, केबिन क्रू, एयरपोर्ट स्टाफ, ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर और कस्टमर सर्विस टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि इन सभी की मेहनत और सहयोग के चलते इंडिगो ने 9 दिसंबर के बाद अपने ऑपरेशन को स्थिर किया और आज नेटवर्क में 2200 उड़ानों को सफलतापूर्वक बहाल कर लिया गया है।
पीटर एल्बर्स ने कहा कि इंडिगो के आकार और ऑपरेशन की जटिलता को देखते हुए इतने कम समय में इस स्थिति से उबरना आसान नहीं था, लेकिन यह टीमवर्क और मजबूत ऑपरेटिंग सिद्धांतों की ताकत का प्रमाण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कंपनी तीन प्रमुख पहलुओं पर फोकस कर रही है, जिसमें रेज़िलिएंस, रूट कॉज एनालिसिस और सिस्टम रीबिल्डिंग शामिल है।
सीईओ ने कहा कि हालिया संकट कई कारणों का परिणाम रहा है और इसे लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन उन्होंने सभी कर्मचारियों से शांत रहने, अपनी प्रोफेशनल जिम्मेदारियों पर ध्यान देने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि बोर्ड ने एक बाहरी एविएशन एक्सपर्ट को पूरे मामले की गहराई से जांच के लिए नियुक्त किया है, ताकि असली कारणों को समझा जा सके।
पीटर एल्बर्स ने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में बड़ी एयरलाइंस को भी ऐसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है और दूसरों के अनुभवों से मिले सबक इंडिगो को अपने सिस्टम और मजबूत बनाने में मदद करेंगे। उन्होंने बताया कि लीडरशिप टीम खुद पूरे नेटवर्क में यात्रा करेगी, कर्मचारियों से मुलाकात करेगी, उनकी चुनौतियों को समझेगी और फीडबैक लेगी, ताकि भविष्य में कंपनी और बेहतर बन सके।
अपने संदेश के अंत में सीईओ ने कहा कि 3 से 5 दिसंबर के ये तीन दिन यह तय नहीं कर सकते कि इंडिगो ने 19 सालों में मिलकर क्या बनाया है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि आज इंडिगो 65 हजार से ज्यादा समर्पित कर्मचारियों का परिवार है और अब तक 85 करोड़ से ज्यादा यात्रियों ने इंडिगो के साथ उड़ान भरी है। पीटर एल्बर्स ने भरोसा दिलाया कि इंडिगो आगे भी उसी विश्वास, अनुशासन, सरलता और ग्राहक केंद्रित सोच के साथ देश की सेवा करता रहेगा और इस तूफान के बीच कंपनी ने एक बार फिर अपने पंख ढूंढ लिए हैं।

