व्हाट्सएप स्टेटस लिखकर युवक ने की आत्महत्या, भोपाल के भदभदा डैम में लगाई छलांग

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने भदभदा डैम में कूदकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार रात करीब 10 बजे युवक अपनी दोपहिया वाहन से भदभदा डैम पहुंचा और अचानक पानी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने देर रात तलाशी अभियान चलाया और युवक का शव बरामद कर लिया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया है। मौके से युवक का वाहन जब्त कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मामला कमला नगर थाना क्षेत्र का है और मृतक की पहचान 30 वर्षीय हेमंत राय के रूप में हुई है। आत्महत्या से पहले हेमंत ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक संदेश लिखा था, जिसमें उसने कहा था कि वह अपनी मर्जी और अपनी खुशी से सुसाइड कर रहा है और उस पर किसी का कोई दबाव नहीं है। स्टेटस में भदभदा तालाब का भी जिक्र किया गया था।

व्हाट्सएप स्टेटस देखने के बाद परिचित लोग तुरंत भदभदा डैम पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन तब तक युवक डैम में छलांग लगा चुका था। फिलहाल युवक ने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *