29 साल बाद फिर साथ दिखेंगे सनी देओल और अक्षय खन्ना

डायरेक्टर आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत के खतरनाक किरदार से तारीफें बटोर रहे अक्षय खन्ना एक बार फिर चर्चा में हैं। इस रोल को उनके करियर का सबसे लकी किरदार माना जा रहा है और अब उनके फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अक्षय खन्ना करीब 29 साल बाद सनी देओल के साथ एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आ सकते हैं।

खबरों की मानें तो सनी देओल और अक्षय खन्ना जिस फिल्म में साथ दिख सकते हैं, उसका संभावित टाइटल ‘इक्का’ बताया जा रहा है। हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी तक इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। इससे पहले दोनों स्टार्स को साल 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ में एक साथ देखा गया था, जिसे दर्शक आज भी याद करते हैं।

बताया जा रहा है कि यह फिल्म एक दमदार एक्शन क्राइम थ्रिलर होगी, जिसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जाएगा। खबर यह भी है कि फिल्म में दीया मिर्जा और संजीदा शेख अहम भूमिकाओं में नजर आ सकती हैं। फिलहाल फिल्म से जुड़ी बाकी डिटेल्स को लेकर सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन सनी देओल और अक्षय खन्ना की जोड़ी को 29 साल बाद फिर से देखने का इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *