शार्दुल ठाकुर के घर गूंजी किलकारी, पत्नी मिताली पारुलकर ने बेटे को दिया जन्म

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर के घर खुशियों ने दस्तक दी है। साल 2025 के आखिर में शार्दुल ठाकुर को जिंदगी का सबसे खूबसूरत तोहफा मिला है, जब उनकी पत्नी मिताली पारुलकर ने एक प्यारे से बेटे को जन्म दिया। इस खुशखबरी की जानकारी खुद शार्दुल ठाकुर ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ साझा की।

शार्दुल ठाकुर ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए अपने बेटे के आने की खबर दी। उन्होंने लिखा कि माता-पिता के दिल में छुपा खामोशी, विश्वास और अनंत प्यार से सजा उनका छोटा सा राज अब सबके सामने है। नौ महीनों तक जिस सपने को उन्होंने चुपचाप संजोकर रखा, आज वह सच हो गया और उनके प्यारे बेटे ने दुनिया में कदम रख लिया।

खास बात यह रही कि शार्दुल और मिताली ने पूरी प्रेग्नेंसी को पूरी तरह निजी रखा। न शार्दुल ने और न ही मिताली ने इस दौरान कोई संकेत दिया, ऐसे में सीधे बेटे के जन्म की खबर फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं रही। सोशल मीडिया पर फैंस और क्रिकेट जगत से जुड़े लोग इस जोड़े को लगातार बधाइयां दे रहे हैं।

शार्दुल ठाकुर और मिताली पारुलकर की सगाई नवंबर 2021 में हुई थी और 28 फरवरी 2023 को दोनों शादी के बंधन में बंधे थे। कोल्हापुर की रहने वाली मिताली पेशे से बेकर हैं और दोनों की दोस्ती स्कूल के दिनों से ही रही है, जो अब एक खूबसूरत परिवार में बदल गई है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो शार्दुल ठाकुर एक बार फिर मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आने वाले हैं। आईपीएल 2026 के लिए मुंबई इंडियंस ने उन्हें 2.6 करोड़ रुपये में खरीदा है। शार्दुल अब तक आईपीएल में 105 मैचों में 107 विकेट ले चुके हैं और साल 2017 में भारत के लिए डेब्यू करने के बाद वह टेस्ट, वनडे और टी20 में अपनी पहचान बना चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *