दर्दनाक हादसा: लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने से मासूम की मौत, जांच में जुटी पुलिस

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां लाइसेंसी बंदूक से चली गोली लगने से एक नाबालिग बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला पोरसा थाना क्षेत्र के संजय गांधी स्कूल इलाके का है, जहां मकान मालिक की लाइसेंसी बंदूक से किराएदार के बेटे ऋषभ तोमर को गोली लग गई। गोली लगने के बाद परिजन घबराए हुए उसे तुरंत पोरसा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही पोरसा थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने बंदूक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि गोली गलती से चली या किसी लापरवाही के चलते फायर हुआ। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *