कांग्रेस का गांव चलो अभियान, 5 जनवरी से 20 फरवरी तक चलेगा संगठन विस्तार का अभियान

भोपाल। कांग्रेस पार्टी 5 जनवरी से गांव चलो अभियान की शुरुआत करने जा रही है, जो 20 फरवरी तक पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के नेतृत्व में चलेगा, इस अभियान के दौरान ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटियों का गठन किया जाएगा और कांग्रेस ने प्रदेश की 26 हजार ग्राम पंचायतों में पहली बार कमेटी गठित करने का लक्ष्य रखा है।

गांव स्तर पर संगठन मजबूत करने की तैयारी में कांग्रेस
इसको लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि जीतू पटवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता उत्साह से भरे हुए हैं, पंचायत और ग्राम कमेटियों की घोषणा की प्रक्रिया जारी है और अब तक करीब 5 हजार सिफारशी पत्र आना इस बात का संकेत है कि कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है।

चुनावी उदाहरण गिनाकर कांग्रेस ने जताया भरोसा
जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि अमरवाड़ा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 20 राउंड तक आगे रही और 21वें राउंड में टेबल पर हराया गया, बुधनी में डेढ़ लाख वोटों का अंतर और विजयपुर में सरकार द्वारा सभी संसाधन झोंकने के बावजूद कांग्रेस की जीत यह दर्शाती है कि जनता का भरोसा भाजपा से उठ रहा है और भविष्य कांग्रेस में देख रही है।

स्थानीय निकाय चुनावों का दिया हवाला
उन्होंने कहा कि रीवा की सिमरिया नगर पंचायत कांग्रेस ने सरकार विरोध के बाद जीती, सिंगरौली में भी कांग्रेस का प्रदर्शन सामने है और आने वाला समय कांग्रेस का है, कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ आने वाले सभी चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं और समितियों के गठन के बाद कांग्रेस सरकार के खिलाफ सड़कों पर मजबूती से लड़ती नजर आएगी।

भाजपा ने कांग्रेस के अभियान को बताया दिखावा
वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और जीतू पटवारी केवल इवेंट और प्रचार की राजनीति करते हैं, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को उम्मीदवार तक नहीं मिल पाए और 29 सीटों पर कांग्रेस का नामोनिशान नहीं था।

भाजपा का कांग्रेस नेतृत्व पर सीधा हमला
अजय सिंह यादव ने कहा कि जिला अध्यक्षों के चयन के बाद दो महीने में ही दो जिला अध्यक्षों ने इस्तीफा दे दिया, ब्लॉक स्तर पर भी कमेटियों का गठन नहीं हो पाया, ऐसे में ग्राम स्तर तक संगठन पहुंचाने की बात केवल नाटक है, कांग्रेस दिशाहीन हो चुकी है और न उसके पास नेतृत्व है, न इच्छाशक्ति, जीतू पटवारी का नेतृत्व पूरी तरह विफल साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *