लखनऊ.समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी से मुलाकात के बाद सपा प्रमुख Akhilesh Yadav ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया है। लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद अखिलेश यादव ने साफ निर्देश दिए कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता सामाजिक सद्भाव बनाए रखें और अपनी भाषा व व्यवहार में संतुलन और संयम रखें।
अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं कही जानी चाहिए जिससे किसी समाज या व्यक्ति को अपमानित या आहत महसूस हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाकर ही सामाजिक न्याय की स्थापना की जा सकती है और इसके लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।
सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सामाजिक नीति में सभी वर्गों का सम्मान शामिल है। उन्होंने पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें पीड़ित अगड़े, पिछड़े और महिलाओं समेत हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके साथ ही अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पीडीए सामाजिक न्याय की लड़ाई का मजबूत माध्यम है और इसी एकता के दम पर 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाया जा सकता है। अखिलेश ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी जनता के सहयोग से प्रदेश में अपनी सरकार बनाने का लक्ष्य पूरा करेगी।

