नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब छुट्टी के दिन एसडीएम कार्यालय में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा दफ्तर धुएं और लपटों से घिर गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार्यालय में रखे जाति प्रमाण पत्र से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो चुके थे।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात एसडीएम कार्यालय से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शहर के बीचोंबीच स्थित सरकारी कार्यालय में आग लगने की खबर फैलते ही प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
इस मामले में एसडीएम मणिन्द्र सिंह ने बताया कि आग की चपेट में जाति प्रमाण पत्र से जुड़े दस्तावेज आए हैं, जबकि अन्य राजस्व रिकॉर्ड सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पूरे मामले की जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी।

