भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक मेडिकल छात्र ने आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि छात्र रात में अपनी महिला मित्र से मिलकर लौटा था और सुबह उसने पांचवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
यह मामला भोपाल के कोलार इलाके की प्रीमियम टॉवर कॉलोनी का है, जहां एलएन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस थर्ड ईयर का छात्र सचिन सिंह किराए के फ्लैट में रहता था। सुबह करीब छह बजे उसने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सचिन पिछले तीन महीनों से मानसिक तनाव में था। वह कॉलेज में साथ पढ़ने वाली एक छात्रा के काफी करीब था, लेकिन बीते कुछ समय से उस छात्रा ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। इस अनदेखी से सचिन डिप्रेशन में चला गया था और लगातार परेशान रहने लगा था।
टीआई संजय सोनी के अनुसार, 21 वर्षीय सचिन सिंह अपने तीन अन्य साथियों के साथ प्रीमियम टावर फेस-1 की पांचवीं मंजिल पर रहता था। महिला मित्र से संपर्क टूटने के बाद वह खुद को अकेला महसूस कर रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, वहीं इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ते मानसिक तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

