इंदौर दूषित पानी कांड पर दिग्विजय सिंह का तीखा हमला

इछावर(सीहोर)। पंचायत कांग्रेस कमेटी के गठन के लिए ग्राम खेरी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इंदौर के दूषित पानी कांड पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इंदौर में लोग मर रहे हैं और पार्षद झूला झूल रहा है, इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। दिग्विजय सिंह ने साफ कहा कि वह पंडित प्रदीप मिश्रा को न संत मानते हैं और न ही वक्ता, उनका कहना था कि मीडिया में आने के लिए वे कुछ भी बोल देते हैं।

दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विदेशों में जाकर महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माला चढ़ाई जाती है, लेकिन देश में गांधी जी के नाम पर चल रही योजनाओं के नाम बदले जा रहे हैं। इंदौर जैसी बड़ी घटना पर प्रधानमंत्री का एक ट्वीट तक न आना उन्होंने बेहद शर्मनाक बताया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब लोगों की लड़ाई पंचायत स्तर से लड़ेगी। पंचायत कांग्रेस कमेटी के गठन को संगठन की मजबूती बताते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि इसमें बाल कांग्रेस, एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, सेवादल, महिला कांग्रेस और आईटी सेल जैसे सभी संगठनों की भागीदारी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत स्तर पर ही पार्टी को चलाने के लिए फंड एकत्र किया जाएगा और उसी स्तर पर कार्यक्रमों में उसका उपयोग होगा।

दिग्विजय सिंह ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आज प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने सवाल किया कि कोई एक नामांतरण बता दीजिए जो बिना पैसे के हुआ हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में पंचायतों को ही बंटवारा और नामांतरण का अधिकार दिया गया था, जिससे बिना रिश्वत के राजस्व से जुड़े काम हो जाया करते थे। आज किसान परेशान हैं, युवा बेरोजगार हैं और भाजपा सरकार केवल अमीरों की बात करती है, जबकि कांग्रेस हमेशा गरीबों के साथ खड़ी रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की तारीफ करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह क्षेत्र खाती बाहुल्य है, लेकिन भाजपा ने आज तक खाती समाज से किसी को प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया, जबकि कांग्रेस ने जीतू पटवारी को यह जिम्मेदारी दी। उन्होंने कहा कि जीतू युवा हैं, मेहनती हैं और आम जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर जितनी मेहनत जीतू पटवारी कर रहे हैं, उतनी शायद ही कोई और कर पाता हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *