मई में सिनेमाघरों में रिलीज होगी Akshay Kumar की Bhooth Bangla, मेकर्स ने बताई रिलीज डेट

अक्षय कुमार एक बार फिर हॉरर कॉमेडी की दुनिया में वापसी करने जा रहे हैं और खास बात यह है कि करीब 14 साल बाद वह डायरेक्टर प्रियदर्शन के साथ काम करते नजर आएंगे। फिल्म का नाम है ‘भूत बंगला’, जिसका पहला पोस्टर सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। अब मेकर्स ने इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है।

बालाजी मोशन पिक्चर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी दी है कि ‘भूत बंगला’ 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा गया है कि बंगले से एक खबर आई है और 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में दरवाजा खुलेगा, जहां दर्शकों से मुलाकात होगी। इस ऐलान के बाद फैंस की एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है।

फिल्म ‘भूत बंगला’ की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है। अक्षय कुमार के साथ इस फिल्म में तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव, जिशु सेनगुप्ता, असरानी और वामिका गब्बी जैसे मंझे हुए कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग राजस्थान, जयपुर और हैदराबाद जैसे लोकेशन्स पर की गई है, जो इसे और भी भव्य बनाती है।

प्रियदर्शन के निर्देशन में बन रही इस हॉरर कॉमेडी फिल्म को शोभा कपूर, एकता आर कपूर और अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस केप ऑफ गुड फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है, जबकि फारा शेख और वेदांत बाली इसके को-प्रोड्यूसर हैं। अब दर्शकों को मई 2026 का इंतजार है, जब ‘भूत बंगला’ डर और हंसी का अनोखा तड़का लेकर बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *