एक्टर शाहिद कपूर जल्द ही मशहूर निर्देशक विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘ओ रोमियो’ में नजर आने वाले हैं और इसी बीच फिल्म का पहला पोस्टर सामने आ चुका है। शाहिद कपूर ने खुद अपने इंस्टाग्राम पर इस पोस्टर को शेयर किया है, जिसमें उनका लुक अब तक की सभी फिल्मों से कहीं ज्यादा खतरनाक और खूंखार नजर आ रहा है। पोस्टर के साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया है।
सामने आए पोस्टर में शाहिद कपूर का चेहरा और हाथ खून से सना हुआ दिखाई दे रहा है। उनके हाथ पर पूरे शरीर तक फैले टैटू नजर आ रहे हैं और ब्लैक शर्ट में उनका अंदाज बेहद डरावना लग रहा है। इस पोस्टर को शेयर करते हुए शाहिद कपूर ने कैप्शन में लिखा है, “रोमियो ओ रोमियो तुम कहां हो”, जो फिल्म के इंटेंस और डार्क टोन की झलक देता है।
बताया जा रहा है कि ‘ओ रोमियो’ एक दमदार और अलग तरह की कहानी लेकर आ रही है, जिसमें शाहिद कपूर का किरदार काफी अलग और चौंकाने वाला होगा। फिल्म 13 फरवरी को वैलेंटाइन वीक के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
इस फिल्म में शाहिद कपूर के साथ तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी और दिशा पटानी जैसे बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। पोस्टर सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

