अयोध्या. अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब तीन लोगों द्वारा नमाज पढ़ने की कोशिश किए जाने की सूचना सामने आई। मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार दो युवक और एक युवती राम मंदिर के गेट डी-वन से परिसर में दाखिल हुए थे। इसके बाद सीता रसोई के पास एक युवक नमाज पढ़ने के लिए बैठ गया, जिसे देखते ही सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया। तीनों संदिग्ध कश्मीरी वेशभूषा में बताए जा रहे हैं।
पकड़े गए युवकों में से एक का नाम अबू अहमद शेख बताया जा रहा है, जो कश्मीर के शोपियां का निवासी है, जबकि युवती का नाम सोफिया बताया गया है। तीसरे युवक की पहचान फिलहाल सामने नहीं आ सकी है। हालांकि अभी तक प्रशासन की ओर से इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि तीनों कहां के रहने वाले हैं और मंदिर परिसर में दाखिल होने का उनका उद्देश्य क्या था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब सुरक्षाकर्मियों ने तीनों को रोका तो उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, खुफिया एजेंसियां और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट मोड पर आ गए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

