उज्जैन। प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनकी बहन शमिता शेट्टी हाल ही में उज्जैन पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए और दिव्य शयन आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में दोनों बहनों की मौजूदगी ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया।
शयन आरती के बाद शिल्पा शेट्टी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महाकाल के दरबार में वही पहुंचता है जिसे स्वयं महादेव का बुलावा मिलता है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि ऐसा महसूस हो रहा है जैसे बाबा ने खुद हमें बुलाया हो और इसी कारण हम सब कुछ छोड़कर यहां दौड़े चले आए। शिल्पा ने बताया कि आज पहली बार शाम की आरती में शामिल होकर उन्हें अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ।
शिल्पा शेट्टी ने मंदिर की व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की और प्रबंधन का आभार जताया। उन्होंने यह भी कहा कि वह भविष्य में दोबारा बाबा महाकाल के दर्शन के लिए जरूर आएंगी। इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक ने शिल्पा और शमिता शेट्टी का स्वागत और सम्मान किया।

