भोपाल। मध्य प्रदेश के लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। माध्यमिक शिक्षा मंडल MPBSE ने सत्र 2026 की कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के टाइम टेबल में अहम बदलाव किया है। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार हिंदी समेत कई विषयों की परीक्षा तिथियों में संशोधन किया गया है, ऐसे में छात्रों को अपनी तैयारी अब नई तारीखों के अनुसार करनी होगी।
कक्षा 12वीं यानी हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं अब 10 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। हिंदी विषय का पेपर पहले 7 फरवरी को निर्धारित था, जिसे बदलकर अब 7 मार्च 2026 कर दिया गया है। वहीं कक्षा 10वीं हाई स्कूल की बात करें तो हिंदी का पेपर अब 6 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसी दिन मराठी विषय की परीक्षा भी होगी, जो पहले 9 फरवरी को होनी थी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही आयोजित होंगी। वहीं नियमित छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं उनके स्कूलों में 10 फरवरी से 10 मार्च 2026 के बीच संपन्न कराई जाएंगी।
MPBSE ने छात्रों से अपील की है कि वे संशोधित टाइम टेबल के अनुसार अपनी पढ़ाई की योजना बनाएं और किसी भी भ्रम से बचने के लिए बोर्ड की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

