Magh Mela 2026: षटतिला एकादशी पर संगम में उमड़ा आस्था का सैलाब, सुबह 6 बजे तक 9.5 लाख श्रद्धालुओं ने किया पवित्र स्नान

Magh Mela 2026:  प्रयागराज के त्रिवेणी संगम तट पर माघ मेला 2026 के दौरान षटतिला एकादशी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही संगम के सभी घाटों पर आस्था की डुबकी लगाने के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह 6 बजे तक करीब 9.5 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी भक्त को असुविधा न हो।

गौरतलब है कि प्रयागराज में माघ मेले की शुरुआत 3 जनवरी को पौष पूर्णिमा के स्नान के साथ हुई थी। कल्पवास के दौरान देश और दुनिया के कोने-कोने से आए श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाकर माघ मेले का हिस्सा बन रहे हैं। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा वर्ग तड़के सुबह से ही गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में स्नान कर धर्म और आस्था से जुड़ रहे हैं।

त्रिवेणी संगम आरती सेवा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस समय माघ मेले में 5 लाख से अधिक कल्पवासी कल्पवास कर रहे हैं। कल्पवास के नियमों के अनुसार कल्पवासी दिन में दो बार गंगा स्नान करते हैं, इसके बाद एक समय भोजन ग्रहण करते हैं और शेष समय अपने आराध्य देवता की पूजा, ध्यान और साधना में व्यतीत करते हैं।

माघ मेला प्रशासन ने इस वर्ष श्रद्धालुओं की संभावित रिकॉर्ड भीड़ को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की हैं। माघ मेला 2024 में षटतिला एकादशी के अवसर पर करीब 28.95 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था, जबकि इस बार लगभग तीन गुना अधिक श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान है। इसी को देखते हुए मेला प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन का मेगा प्लान तैयार किया है। माघ मेला अधिकारी ऋषिराज के अनुसार, सुगम यातायात और बेहतर भीड़ नियंत्रण के लिए इस बार 42 अस्थायी पार्किंग विकसित की गई हैं, जहां एक लाख से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *