भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब एक नया और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। केस के मुख्य गवाह नीरज दुबे पर कथित तौर पर आरोपी समर्थ सिंह के दोस्तों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला कटारा हिल्स थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पीड़ित नीरज दुबे के मुताबिक यह घटना 30 तारीख को हुई, जब कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। नीरज का आरोप है कि 4 से 5 युवकों ने उन्हें घेरकर गवाही को लेकर सवाल पूछे और फिर उनके साथ मारपीट की। हमलावर लगातार इस बात को लेकर दबाव बना रहे थे कि आखिर वह इस मामले में गवाह क्यों बन रहे हैं।
बताया जा रहा है कि नीरज दुबे रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर के पास एक सांची पार्लर संचालित करते हैं। इसी इलाके में यह पूरी घटना हुई। मारपीट के बाद नीरज सीधे कटारा हिल्स थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
नीरज दुबे का कहना है कि हमलावर खुद को समर्थ सिंह का करीबी बता रहे थे और उन पर केस में गवाही नहीं देने का दबाव बना रहे थे। उनका दावा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और उन्होंने इसके संबंध में पुलिस को सभी जरूरी जानकारी दे दी है।
इस घटना के सामने आने के बाद ट्विशा शर्मा केस एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। सीबीआई जांच के बीच गवाह पर हुए हमले ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के करीबियों और विभिन्न संगठनों ने गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि जांच प्रभावित न हो सके।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और हमले में शामिल युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं इस पूरे घटनाक्रम ने ट्विशा शर्मा केस को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला खड़ा किया है।

