Ek Din Teaser ने मचाया हलचल, साई पल्लवी का बॉलीवुड डेब्यू जुनैद खान के साथ

बॉलीवुड में एक नई रोमांटिक जोड़ी दस्तक देने जा रही है। आमिर खान के बेटे जुनैद खान जल्द ही साउथ की सुपरहिट एक्ट्रेस साई पल्लवी के साथ फिल्म ‘एक दिन’ में नजर आएंगे। हाल ही में इस फिल्म का टीजर रिलीज किया गया है, जिसमें दोनों के बीच की रोमांटिक केमिस्ट्री ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है।

फिल्म ‘एक दिन’ का टीजर आमिर खान टॉकीज के यूट्यूब चैनल से रिलीज किया गया है और इसे खुद आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे हैं। टीजर में जुनैद और साई आईने में एक-दूसरे को देखते नजर आते हैं, जहां जुनैद कहते हैं कि उन्हें साई की मुस्कुराहट बेहद पसंद है और वह उनका दिल जीत पाएंगे या नहीं, यह उन्हें खुद नहीं पता।

इसके जवाब में साई पल्लवी कहती हैं कि फिल्मों की दुनिया कितनी जादुई होती है, लेकिन असल जिंदगी में ऐसा जादू नहीं होता। तभी जुनैद का जवाब आता है कि कभी-कभी जिंदगी में भी जादू हो जाता है। इन संवादों के साथ स्क्रीन पर दोनों की केमिस्ट्री बेहद खूबसूरत नजर आती है।

बताया जा रहा है कि यह फिल्म थाई फिल्म ‘वन डे’ का हिंदी रीमेक है। फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है और यह 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

इस फिल्म के जरिए साई पल्लवी बॉलीवुड में अपना डेब्यू करने जा रही हैं। टीजर में उनके बोलने के अंदाज में साउथ की सादगी और लचक साफ झलकती है, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी टीजर को लेकर पॉजिटिव रिएक्शन देखने को मिल रहा है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि जुनैद खान और साई पल्लवी की यह नई जोड़ी बड़े पर्दे पर दर्शकों के दिलों में कितनी गहरी छाप छोड़ पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *