प्रेम प्रसंग के शक में डबल मर्डर, दोस्त की हत्या के बाद भाभी को भी उतारा मौत के घाट, फिर खुद ही पहुंचा थाने

फतेहपुर। जिले के हसवा कस्बे में प्रेम प्रसंग के शक ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि एक युवक ने पहले अपने दोस्त की बेरहमी से हत्या की और फिर घर पहुंचकर भाभी को भी मौत के घाट उतार दिया। इस दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई सन्न है।

हसवा कस्बे के चौधराना मोहल्ला निवासी दिलदार ने क्रिकेट खेलने के बहाने अपने दोस्त फैज़ान को आम के बाग में बुलाया। खेल खत्म होने के बाद अचानक दिलदार ने चापड़ से फैज़ान का गला रेत दिया और मौके पर ही उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह खून से सना चापड़ लेकर सीधे अपने घर पहुंचा, जहां उसने भाभी ज़िकरा प्रवीन पर पेट और पीठ में सात से आठ वार कर दिए। हमले में उसकी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही हसवा पुलिस चौकी पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल भाभी और बहन को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने ज़िकरा प्रवीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में बहन को एलएलआर अस्पताल कानपुर रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। वहीं पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग के शक में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया है, हालांकि मामले के अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *