पेंच टाइगर रिजर्व में बाघ का हमला, युवक की दर्दनाक मौत से भड़का गुस्सा

 छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां पेंच टाइगर रिजर्व के पास एक युवक की बाघ के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमले के बाद बाघ युवक के शव को घसीटते हुए जंगल के अंदर ले गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

घटना जमतरा गेट के पास देर रात की बताई जा रही है, जब युवक जंगल के किनारे मौजूद था। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक हमला कर दिया और युवक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने जमतरा गेट पर तोड़फोड़ और आगजनी की, साथ ही वन विभाग और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

अधिकारियों ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल बना हुआ है और लगातार हो रहे ऐसे हमलों को लेकर लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *