बॉलीवुड एक्ट्रेस भाग्यश्री और उनके पति हिमालय दसानी की शादी को आज पूरे 37 साल हो गए हैं। इस खास मौके पर भाग्यश्री ने सोशल मीडिया के जरिए अपने पति के लिए प्यार और साथ की खूबसूरत कहानी साझा की है।
भाग्यश्री ने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी के दिनों से लेकर हालिया तस्वीरों तक का एक खास कलेक्शन शेयर किया। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि वे बचपन से साथ बड़े हुए हैं और आज भी उनका रिश्ता उतना ही मजबूत है। 37 सालों में उन्होंने साथ हंसना, रोना, झगड़ना और फिर एक-दूसरे को समझना सीखा है।
एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि उन्होंने मिलकर एक घर बसाया, दो प्यारे बच्चों की परवरिश की, खूब मेहनत की, दुनिया घूमी और जिंदगी के हर अच्छे-बुरे दौर का सामना साथ मिलकर किया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें कोई अलग नहीं कर सकता और वे हमेशा एक-दूसरे के साथ रहेंगे।
भाग्यश्री ने अपने पति को शादी की सालगिरह की बधाई देते हुए लिखा कि उनके साथ पूरी जिंदगी बिताने का सौभाग्य मिलना उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है और यही साथ आगे भी बना रहे।

