मुंबई में बीती रात अक्षय कुमार की सिक्योरिटी कार का हादसा हुआ। अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ एयरपोर्ट से जुहू अपने घर जा रहे थे, तभी उनके साथ जा रही सुरक्षा गाड़ी की एक दुर्घटना हुई।
हादसे में एक ऑटो रिक्शा ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी मदद के लिए उसका भाई मोहम्मद समीर सामने आया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि रात 8 से 8:30 बजे के बीच यह घटना हुई।
मोहम्मद समीर के अनुसार, उनका भाई ऑटो चला रहा था, तभी अक्षय कुमार की इनोवा कार और एक मर्सिडीज कार के बीच टक्कर हुई। मर्सिडीज ने इनोवा को टक्कर मारी, जो आगे ऑटो रिक्शा से टकरा गई।
इस टक्कर के कारण उनका भाई और एक यात्री कार के नीचे फंस गए। ऑटो पूरी तरह से खराब हो गया है। मोहम्मद समीर ने अनुरोध किया है कि उनके भाई का ठीक से इलाज हो और रिक्शे के नुकसान का मुआवजा दिया जाए।
मुंबई पुलिस ने भी इस घटना की पुष्टि की है। बताया गया कि जुहू इलाके में दो कारों और एक ऑटो रिक्शा के बीच हुई टक्कर में दो लोग घायल हुए हैं। अक्षय कुमार की सिक्योरिटी कार भी इस दुर्घटना में शामिल थी।
घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अक्षय कुमार को इस हादसे में कोई चोट नहीं आई है।

