उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आनंद उत्सव राहगीरी का शुभारंभ किया, जहां वे एक बिल्कुल अलग और सादगी भरे अंदाज में नजर आए। मुख्यमंत्री ने बैलगाड़ी की लगाम अपने हाथों में थामकर उसे आगे बढ़ाया और बैलगाड़ी चलाकर मौजूद लोगों का दिल जीत लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रविवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आनंद उत्सव राहगीरी कार्यक्रम में शामिल हुए और दीप प्रज्वलित कर उत्सव की विधिवत शुरुआत की। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, खेल गतिविधियों और सामुदायिक मेलजोल को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान परंपरा और सादगी का अनोखा संगम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ने पारंपरिक परिवेश में खुद बैलगाड़ी चलाई और आम नागरिकों के बीच घुलते-मिलते नजर आए।

राहगीरी उत्सव में मुख्यमंत्री ने शंख और खड़ताल बजाई, धर्म ध्वजा लहराई और भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस, बीएसएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त परेड की सलामी भी ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनाकर जागरूक किया और बच्चों को उपहार भी वितरित किए। राहगीरी उत्सव के दौरान विभिन्न मंचों पर उनका स्वागत और सम्मान किया गया।
मुख्यमंत्री आज पूरे दिन उज्जैन जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे धर्म नगरी उज्जैन को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।

