जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रविवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब रिंग रोड पर निर्माणाधीन पुल के पिलर की सेंट्रिंग अचानक गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना न्यू भेड़ाघाट के पास ललपुर गांव की बताई जा रही है।
हादसे में शेख नैरुद्दीन नाम के मजदूर की जान चली गई, जो पश्चिम बंगाल का निवासी था। वहीं राहिल और राजेश्वर नाम के दो मजदूर घायल हुए हैं, जिनके हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और एहतियातन निर्माण कार्य को तत्काल रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि रिंग रोड पर पुल का निर्माण एनएचएआई की ओर से कराया जा रहा है।
इधर ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुल निर्माण में नाबालिगों से काम कराया जा रहा था और मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के जोखिम भरे हालात में काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा था। हादसे के बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है।

