छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां आपातकालीन सेवा मानी जाने वाली 108 एंबुलेंस का कथित तौर पर दुरुपयोग करते हुए उसे निजी काम में इस्तेमाल किया गया और सायरन बजाती दौड़ रही एंबुलेंस में मरीज की जगह एक कॉलेज छात्रा बैठी हुई मिली।
बताया जा रहा है कि एक राहगीर की नजर एंबुलेंस के अंदर बैठी लड़की पर पड़ी, जिससे उसे शक हुआ, इसके बाद उसने बाइक से एंबुलेंस का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रुकवाया, जब चालक से पूछताछ की गई तो वह घबरा गया और छात्रा को अपनी बहन बताने लगा, लेकिन वह उसका नाम तक नहीं बता सका।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर ही रिकॉर्ड कर लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में इसे लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
लोगों का कहना है कि जब गंभीर मरीजों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलती, तब इस तरह का दुरुपयोग बेहद चिंताजनक है और यह आपातकालीन सेवा की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
वहीं इस मामले पर सीएमएचओ राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा है कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

