इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां घर में आग लगने से 45 वर्षीय व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
यह घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र में तड़के सुबह की बताई जा रही है। मृतक की पहचान रमेश शर्मा के रूप में हुई है। सुबह-सुबह मोहल्ले के लोगों ने घर से धुआं उठता देखा तो घबराकर मौके पर पहुंचे और पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मौके से गैस सिलेंडर की जली हुई नली बरामद हुई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि सुबह चाय बनाते समय गैस लीक होने से आग भड़की होगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

