बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने हाल ही में मदरहुड को लेकर खुलकर बात की और अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कुछ दिलचस्प खुलासे किए। आलिया ने कहा कि मां बनने के बाद उनकी सोच और जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है और कई बार ऐसा मन करता है कि वह अपना सोशल मीडिया अकाउंट ही डिलीट कर दें।
एक इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि मदरहुड ने उन्हें कैसे बदला है, तो आलिया ने कहा कि यह बदलाव बहुत गहरा होता है। नौ महीनों में शरीर और सोच दोनों बदलते हैं, लेकिन जब आप अपने बच्चे को दुनिया में आते देखते हैं, तो उस बदलाव की गहराई इतनी ज्यादा होती है कि इंसान पहले जैसा रह ही नहीं पाता।
आलिया ने आगे कहा कि कई बार सुबह उठते ही उन्हें लगता है कि वह अपना सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दें और सिर्फ एक ऐसी एक्ट्रेस बनकर रह जाएं जो केवल एक्टिंग करे। उन्होंने माना कि वह बार-बार होने वाली चर्चाओं और अनावश्यक बातों में उलझना नहीं चाहतीं, लेकिन साथ ही यह भी सच है कि सोशल मीडिया छोड़ने का मतलब उन लोगों से दूरी बनाना होगा जिन्होंने उनके करियर की शुरुआत से उनका साथ दिया है, इसलिए चाहकर भी वह ऐसा कदम नहीं उठा पातीं।
उन्होंने यह भी बताया कि अपनी पर्सनल लाइफ को सबके सामने लाना उनके लिए आसान नहीं है। आलिया के मुताबिक उनकी जिंदगी इतनी निजी है कि कई बार उसे शेयर करना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उनकी फोटो एल्बम उनकी बेटी राहा की तस्वीरों से भरी हुई है और खुद की तस्वीरें क्लिक करवाने के लिए भी उन्हें खास मेहनत करनी पड़ती है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया भट्ट अपनी बहन शाहीन भट्ट के साथ मिलकर अपने प्रोडक्शन बैनर के तहत प्राइम वीडियो के लिए एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘डोंट बी शाय’ प्रोड्यूस करने जा रही हैं। इसके अलावा वह संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में नजर आएंगी और यश राज फिल्म्स की फिल्म ‘अल्फा’ में भी उनका अहम रोल होगा।

